सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार की राजधानी पटना में गांधी सेतु पुल पर दूसरे दिन भीषण जाम लगा हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गाड़ियां 7 से 8 घंटे से जाम में फंसी हुई हैं, और स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। दरअसल, कोहरे की वजह से हाजीपुर से आ रही गंगा सेतु के पिलर नंबर 7 के पास तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे के बाद जीरो माइल, छोटी पहाड़ी और बैरिया बस स्टैंड की ओर जाने वाली गाड़ियों का लंबा काफिला लग गया, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न हो गई।
हालांकि, यातायात पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम को हटाने का प्रयास कर रही है। पटना ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि 26 जनवरी की रात हादसा हुआ था, जिससे हाजीपुर की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह से ब्लॉक हो गई थी। जबकि, पुलिस का कहना है कि जाम की समस्या को हल करने में दोपहर तक का समय लग सकता है। इसके अतिरिक्त, बड़ी पहाड़ी, छोड़ी पहाड़ी, बैरिया बस स्टैंड और जीरोमाइल के इलाकों में भी जाम की स्थिति बनी हुई है। ट्रैफिक पुलिस धीरे-धीरे गाड़ियों को निकालने का प्रयास कर रही है, लेकिन समस्या अभी भी गंभीर बनी हुई है।