खड़गे का पीएम मोदी पर बड़ा हमला: ‘बहुत खतरनाक आदमी हैं, उन्हें हटाए बिना वोट, अधिकार और संविधान सुरक्षित नहीं’

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार के सासाराम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीएम मोदी को ‘बहुत खतरनाक आदमी’ बताते हुए कहा कि जब तक बीजेपी सत्ता में है, लोगों के वोट, अधिकार और संविधान सुरक्षित नहीं हैं। यह जनसभा राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित की गई थी।

खड़गे ने प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से दिए गए स्वतंत्रता दिवस के भाषण पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अपने भाषण में आरएसएस की प्रशंसा की, जबकि आरएसएस ने आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं दिया। खड़गे ने कहा, “आपके (बीजेपी के) लोग जेल नहीं गए… वे अंग्रेजों को नौकरी के लिए आवेदन दे रहे थे। अगर पीएम मोदी लाल किले से ऐसे लोगों का नाम ले रहे हैं, तो उन लोगों की आत्मा क्या कह रही होगी जिन्होंने हमारी आजादी के लिए लड़ाई लड़ी?”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “लाखों लोग जो आजादी के लिए शहीद हुए, उनकी आत्माएं क्या कह रही होंगी? वे कह रही होंगी कि कोई ऐसा व्यक्ति है जो हमारे खिलाफ बोल रहा है। इसीलिए मैं कहता हूं कि ये बहुत खतरनाक आदमी हैं।” उन्होंने आगे कहा कि जब तक पीएम मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जाता, तब तक लोगों के वोट, अधिकार, आजादी और यहां तक कि संविधान भी सुरक्षित नहीं रहेंगे।

इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंच से एक कविता भी की. जिसमें उन्होंने कहा कि ‘गूंगे लोकतंत्र में कोई कुछ नहीं बोलेगा, अत्याचार होंगे पर मुंह नहीं खोलेगा, मुंह खोलेगा तो बस जयकारों और वाहवाहों के लिए पर इंतजार करेगा कि कोई रक्षक आएगा, जो हमें अत्याचारियों से मुक्त कराएगा’। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी लोगों के वोट, युवाओं की नौकरी और किसानों के एमएसपी को छीन रहे हैं। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी आपके वोट चुराते हैं, युवाओं की नौकरी चुराते हैं, किसानों का एमएसपी चुराते हैं और आपके अधिकार भी चुराते हैं। वह एक चोर हैं और उस चोर को हटाना जरूरी है।”

Share This Article