सिटी पोस्ट लाइव
नई दिल्ली। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में मंगलवार को हुए रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश के आकाश ने पेरिस 2024 पैरालंपियन राजस्थान के रुद्रांश खंडेलवाल को हराकर मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में शूटिंग प्रतियोगिता समाप्त हो गई, जिसमें राजस्थान ने कुल नौ पदकों के साथ तालिका में पहला स्थान प्राप्त किया। इसमें चार स्वर्ण और दो रजत शामिल रहे। उत्तर प्रदेश (दो स्वर्ण और कुल चार पदक) और महाराष्ट्र (दो स्वर्ण और कुल तीन पदक) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
अब तक 166 स्वर्ण पदक जीतने वाले हरियाणा (30 स्वर्ण और कुल 95 पदक) ने तमिलनाडु (25 स्वर्ण और 67 पदक) और उत्तर प्रदेश (22 स्वर्ण और 54 पदक) पर मजबूत बढ़त बनाई हुई है। राजस्थान के पास भी 22 स्वर्ण पदक हैं, लेकिन रजत पदकों की संख्या में वह यूपी से पीछे है।
आकाश की शानदार जीत, अब 2028 पैरालंपिक पर नजर
फाइनल मुकाबले के दौरान खंडेलवाल को पिस्तौल में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा, जिसका फायदा उठाते हुए आकाश ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। आकाश ने संयम बनाए रखा और अंतिम दो शॉट्स में 15.7 अंक अर्जित किए, जिससे उन्हें 0.2 अंकों की मामूली बढ़त मिली और वे शीर्ष पर रहे। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेड़की गांव से आने वाले आकाश ने अपनी जीत पर खुशी जाहिर की है। 34 वर्षीय आकाश दो साल की उम्र से पोलियो से प्रभावित हैं। उन्होंने खेलो इंडिया पैरा गेम्स की तुलना ‘संजीवनी बूटी’ से की है।

खेलो इंडिया पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर मैं बहुत उत्साहित हूं। यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि अब मेरा लक्ष्य लॉस एंजिल्स 2028 पैरालंपिक में पदक जीतना है। यह जीत मेरे आत्मविश्वास को और बढ़ाएगी। यह प्रतियोगिता हमें आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का शानदार अवसर दे रही है। इससे न केवल हमारा खेल बेहतर हो रहा है, बल्कि हम देशभर में पहचाने भी जा रहे हैं, क्योंकि इसका सीधा प्रसारण किया जा रहा है।
– आकाश, उत्तर प्रदेश
कांस्य से संतुष्ट हैं खंडेलवाल
वहीं, कांस्य पदक जीतने वाले राजस्थान के रुद्रांश खंडेलवाल ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा, “आज मेरी पिस्तौल में अचानक खराबी आ गई, जो मेरी गलती नहीं थी। कभी-कभी ऐसी तकनीकी समस्याएं आ जाती हैं। इसके बावजूद मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और कुल परिणाम से संतुष्ट हूं।”
पावरलिफ्टिंग और टेबल टेनिस भी रहे आकर्षण का केंद्र
इस बीच, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में तमिलनाडु की कस्तूरी राजमणि ने महिलाओं की 67 किग्रा भारवर्ग में जीत हासिल कर अपना दूसरा खेलो इंडिया पैरा गेम्स स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार, पुरुषों के 97 किग्रा भारवर्ग में उत्तर प्रदेश के सुमित कुमार ने अपने खिताब की रक्षा की।
वहीं, इंदिरा गांधी स्टेडियम में टेबल टेनिस मुकाबले भी शुरू हुए। पंजाब के सात बार के राष्ट्रीय चैंपियन शुभम वाधवा ने कर्नाटक के जगन्नाथ एचएम को सीधे सेटों में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबलों के प्रमुख नतीजे
पैरा शूटिंग
- 50 मीटर पिस्टल SH1 (पुरुष)
- स्वर्ण: आकाश (उत्तर प्रदेश)
- रजत: संजीव कुमार (तमिलनाडु)
- कांस्य: रुद्रांश खंडेलवाल (राजस्थान)
पैरा पावरलिफ्टिंग
- 73 किग्रा (महिला)
- रेशमा मोगल (गुजरात)
- आशाबेन वरवभाई पटेल (गुजरात)
- माया (राजस्थान)
- 88 किग्रा (पुरुष)
- सुधीर (हरियाणा)
- राहुल जोगराजिया (गुजरात)
- जगमोहन (दिल्ली)
- 67 किग्रा (महिला)
- कस्तूरी (तमिलनाडु)
- मेघा पांडे (मध्य प्रदेश)
- जीवनी (राजस्थान)
- 80 किग्रा (पुरुष)
- संदेशा बी जी (कर्नाटक)
- मुरुगन (तमिलनाडु)
- जयदीप (हरियाणा)
- 97 किग्रा (पुरुष)
- सुमित कुमार (उत्तर प्रदेश)
- हेमंत कुमार (उत्तर प्रदेश)
- मोहम्मद जाविर (उत्तर प्रदेश)