सिटी पोस्ट लाइव
नई दिल्ली। खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 के तीरंदाजी स्पर्धा में जम्मू-कश्मीर की शीतल देवी ने ओडिशा की पायल नाग को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में शीतल ने 109-103 से जीत दर्ज की। तेज धूप और गर्मी के बावजूद, खिलाड़ियों के जोश और प्रतिस्पर्धा में कोई कमी नहीं आई। कंपाउंड ओपन स्पर्धा में 18 वर्षीय शीतल और 17 वर्षीय पायल ने शानदार प्रदर्शन कर पोडियम पर अपनी जगह बनाई। पुरुषों की रिकर्व ओपन स्पर्धा में झारखंड के विजय सुंडी ने हरियाणा के विकास भाकर को 6-4 से हराकर स्वर्ण जीता, जबकि महिलाओं की रिकर्व ओपन स्पर्धा में हरियाणा की पूजा ने महाराष्ट्र की राजश्री राठौड़ को 6-4 से हराया।

सबकी निगाहें कंपाउंड ओपन स्वर्ण पदक मुकाबले पर थीं। मुकाबले की शुरुआत में पायल नाग ने शानदार प्रदर्शन किया और डबल 10 स्कोर किया, जबकि शीतल ने 8 और 7 अंक अर्जित किए। लेकिन तीसरे राउंड में पायल ने 7 अंक हासिल किए, जिससे शीतल ने 9 और 10 के स्कोर के साथ बढ़त बना ली। निर्णायक पांचवें राउंड में शीतल ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबले के बाद शीतल देवी ने कहा, “पायल ने बेहतरीन खेल दिखाया और मुझे यकीन है कि आने वाले समय में वह भारत के लिए पदक जरूर जीतेगी। माता रानी की कृपा से मैं अपना दूसरा स्वर्ण जीतने में सफल रही।”

अपने पहले खेलो इंडिया पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाली पायल नाग ने तकनीकी बदलावों को लेकर बात की। उन्होंने कहा, “पहले मैं दोनों कृत्रिम पैरों के सहारे तीर चलाती थी, लेकिन अब मैं सिर्फ एक पैर का इस्तेमाल कर रही हूं। नए उपकरण के साथ एडजस्ट करने में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन मैं फाइनल में पहुंचकर रजत पदक जीतने से खुश हूं।” पायल के कोच कुलदीप वेदवान ने बताया कि नया उपकरण मिलने के बाद पायल के खेल में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा, “पायल दुनिया की पहली महिला तीरंदाज हैं, जिनके चारों अंग नहीं हैं। उसके लिए एक उपयुक्त उपकरण विकसित करना चुनौतीपूर्ण था। अब वह सिर्फ एक पैर के सहारे तीरंदाजी करती हैं, और यह उनका नया सफर है।”
मैच के बाद पायल ने सकारात्मकता दिखाई और कहा, “हमारे जीवन में संघर्ष और तकलीफों के मुकाबले यह गर्मी और हवा कुछ भी नहीं है। हमें इन सबके बावजूद आगे बढ़ना है। हार के बाद जीत जरूर मिलती है, और यह समय मुस्कुराने का है।” पुरुषों के कंपाउंड ओपन फाइनल में राजस्थान के श्याम सुंदर स्वामी ने छत्तीसगढ़ के तोमन कुमार को 140-139 से हराया। कांस्य पदक मुकाबले में राकेश कुमार ने हरियाणा के परमेंद्र को 143-140 से हराकर जीत दर्ज की। इसी तरह, महिलाओं के कंपाउंड ओपन कांस्य पदक मैच में ज्योति बालियान ने दिल्ली की लालपति को 136-132 से हराया। रिकर्व ओपन स्पर्धा में राजस्थान के धन्ना गोदारा और झारखंड की सुकृति सिंह ने क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में कांस्य पदक जीते।