कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 के आगामी सीजन के लिए अपनी टीम में एक बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने जिम्बाब्वे के स्टार तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपने खेमे में शामिल कर लिया है। शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की गई। मुजरबानी के आने से कोलकाता की गेंदबाजी में विविधता और धार बढ़ेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ईडन गार्डन्स की पिच पर उनकी बाउंस क्या कमाल दिखाती है।

क्यों खास हैं मुजरबानी?
मुजरबानी की सबसे बड़ी ताकत उनकी 6 फीट 8 इंच की लंबाई है। इसी कद की वजह से उन्हें पिचों से अतिरिक्त बाउंस मिलता है, जो दुनिया के किसी भी बल्लेबाज को संकट में डालने के लिए काफी है। टी-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे को सुपर-8 तक पहुंचाने में मुजरबानी की अहम भूमिका रही थी, जहाँ उन्होंने 13 विकेट चटकाए थे। उन्होंने अब तक 89 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 106 विकेट हासिल किए हैं। गेंदबाजी में उनका औसत लगभग 21 का है, जो टी-20 फॉर्मेट में काफी प्रभावी माना जाता है।

IPL में डेब्यू का इंतजार;
मुजरबानी के लिए यह सीजन काफी खास होने वाला है क्योंकि वे पहली बार IPL के मैदान पर उतरेंगे। हालांकि, वे पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा रह चुके हैं (लुंगी एनगिडी के रिप्लेसमेंट के तौर पर), लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिल सका था।