सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पारिवारिक और स्नेहिल छवि एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर दो भावुक पोस्ट साझा की हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।
पहली पोस्ट में एक तस्वीर दिख रही है जिसमें कुछ बच्चे लालू यादव के पैरों की सेवा कर रहे हैं और लालू जी उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ रोहिणी ने एक प्यारी कविता भी लिखी:
“हम नन्हे-मुन्नों के सबसे अच्छे सच्चे दोस्त हमारे नाना,
उनके राजदुलारे हैं हम, सबसे प्यारे, सबसे न्यारे हमारे नाना।
खूब कहानियाँ सुनाते नाना, सबसे अनूठे हमारे नाना,
हम सबों का ख्याल रखते हमारे नाना,
दिल से बिल्कुल ही हम जैसे हमारे नाना।
आप जिएं हजारों साल नाना।”

दूसरी पोस्ट में लालू यादव बच्चों को खुद सत्तू का लड्डू बनाकर देते नजर आ रहे हैं। बच्चे कतार में खड़े हैं और बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इस दृश्य को साझा करते हुए रोहिणी आचार्य ने लिखा:
“न आइसक्रीम, न कैंडी, न चॉकलेट, न टॉफी, न मिठाई,
नाना जी का सत्तू ही सबसे ज्यादा पसंद है बाल-मंडली को भाई।”
लालू यादव की यह पारिवारिक छवि सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक और प्रसन्न दोनों कर रही है। कई यूज़र्स ने इन पोस्ट्स पर कमेंट करते हुए कहा कि यह रूप बताता है कि राजनीति से अलग लालू जी कितने ज़मीन से जुड़े और पारिवारिक इंसान हैं। यह दृश्य एक ऐसे राजनेता का है जिसने राजनीतिक जीवन में जितना संघर्ष किया है, निजी जीवन में उतनी ही सरलता और प्रेम से अपने परिजनों और बच्चों के साथ रहते हैं।