सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना में आज हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। ये अभ्यर्थी TRE-4 वैकेंसी से पहले माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) आयोजित करने की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने पहले तो इन छात्रों को जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने और आगे बढ़ने लगे, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रदर्शनकारी छात्र बड़ी संख्या में बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े और पटना के प्रमुख डाक बंगला चौराहे पर पहुंच गए। यहां भी पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगा रखी थी। अभ्यर्थियों ने यहां भी बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया और पुलिस अधिकारियों से उनकी झड़प हुई।
जब स्थिति नियंत्रण से बाहर जाने लगी, तब पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। इस लाठीचार्ज में कई अभ्यर्थियों को चोटें आईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर चौराहे को खाली कराया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार को TRE-4 भर्ती परीक्षा से पहले STET की परीक्षा लेनी चाहिए, ताकि नए और योग्य उम्मीदवार भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें। उनका मानना है कि ऐसा न होने पर बड़ी संख्या में युवा इस अवसर से वंचित रह जाएंगे।