बेतिया में कन्हैया कुमार और पवन खेड़ा का दमदार रोड शो, वसी अहमद के लिए मांगे वो…

Ritu Raj

बेतिया विधानसभा क्षेत्र में रविवार को कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा और युवा चेहरे कन्हैया कुमार ने लालसरैया स्टेडियम से कांग्रेस प्रत्याशी वसी अहमद के समर्थन में भव्य रोड शो की शुरुआत की। हेलिकॉप्टर से पहुंचे दोनों नेताओं का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद ढोल-नगाड़ों और उत्साही नारों के बीच रोड शो बखरिया, जौकटिया होते हुए बेतिया शहर की मुख्य सड़कों पर निकला।

रोड शो के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा और युवा नेता कन्हैया कुमार खुले वाहन पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। दोनों नेताओं ने हाथ हिलाकर जनता से संवाद किया और पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की। पूरा मार्ग कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पटा हुआ था। ढोल-नगाड़ों, झंडों और नारों के बीच सड़क किनारे खड़ी भीड़ में युवा, महिलाएं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जनसभा के दौरान कन्हैया कुमार ने कहा, “अब बिहार को नफरत नहीं, विकास की राजनीति चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज है और ओशी अहमद उस आवाज को विधानसभा तक पहुंचाने का काम करेंगी।” वहीं पवन खेड़ा ने जनता से संवाद करते हुए कहा, “कांग्रेस हर वर्ग के साथ खड़ी है। बेतिया की जनता का भरोसा हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी भरोसे पर यह चुनाव जीता जाएगा।” रोड शो के दौरान कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी मंच साझा किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कांग्रेस प्रत्याशी वसी अहमद ने कहा कि “बेतिया की जनता अब बदलाव के मूड में है। इस बार वोट मुद्दों पर पड़ेंगे, जाति और धर्म पर नहीं।” उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों पर कांग्रेस के साथ खड़ी होगी। शो के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात था और अधिकारी लगातार रूट की निगरानी कर रहे थे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। यहां 11 नवंबर को मतदान होना है, और ऐसे में कांग्रेस का यह रोड शो न केवल प्रचार को नई गति देने वाला साबित हुआ है, बल्कि इसे क्षेत्र के चुनावी माहौल को प्रभावित करने की बड़ी रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

Share This Article