सिटी पोस्ट लाइव
समस्तीपुर/पटना : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बावनघाट चोर्निया चौड़ में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब कंक्रीट मिक्सर से जुड़ा ट्रैक्टर संतुलन खोकर पलट गया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, श्रीपुर गाहर क्षेत्र में मकान की छत ढलाई का काम पूरा कर मजदूर मिक्सर मशीन को ट्रैक्टर से लेकर वारिसनगर लौट रहे थे। जब ट्रैक्टर रतरास चौर के रास्ते जा रहा था, तो ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर और उस पर लगी मिक्सर मशीन सड़क किनारे पलट गई।
ट्रैक्टर पर ड्राइवर समेत तीन मजदूर सवार थे। पलटने के दौरान ट्रैक्टर चालक नीचे दब गया, वहीं बाकी तीनों मजदूर भी गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। इस हादसे में मोहम्मद गुलाब (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहम्मद मनीर, ग्राम मोग्लानीचक, थाना वारिसनगर निवासी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायल मजदूरों का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।