TRE 3.0 पेपर लीक में बड़ी कार्रवाई: EOU ने पटना से वांटेड आरोपी विपुल शर्मा को दबोचा…

Ritu Raj

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 3.0 के पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को एक अहम कामयाबी हाथ लगी है। इस कांड के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया गिरोह से जुड़े सक्रिय सदस्य और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विपुल शर्मा को EOU ने गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार को पुलिस ने पटना के गोला रोड स्थित लाल भवन इलाके से विपुल शर्मा को दबोचा। वह औरंगाबाद जिले के दाउदनगर का निवासी है और पिछले डेढ़ साल से आर्थिक अपराध इकाई उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इस मामले की जानकारी देते हुए EOU के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि यह गिरोह केवल बिहार तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका जाल झारखंड और हरियाणा तक फैला हुआ था। वहीं, जांच में सामने आया है कि गिरोह प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का लालच देकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलता था। डीआईजी के मुताबिक, प्रत्येक उम्मीदवार से 10 से 15 हजार रुपये तक की वसूली की जाती थी। EOU की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि विपुल शर्मा ने हरियाणा की STET परीक्षा से लेकर बिहार की BPSC TRE 3.0 परीक्षा तक पेपर लीक की साजिश में संजीव मुखिया का साथ दिया था। वह अलग-अलग राज्यों में संपर्क स्थापित कर प्रश्नपत्र लीक कराने और उसे उम्मीदवारों तक पहुंचाने की एक अहम कड़ी था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विपुल शर्मा की गिरफ्तारी के बाद EOU को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एजेंसी के अनुसार, इस पेपर लीक कांड में अब तक कुल 290 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि नेटवर्क से जुड़े 10 अन्य शातिर अभी भी फरार हैं। डीआईजी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लगातार छापेमारी जारी है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को लगाया गया है। SOG की टीमें अलग-अलग जिलों और राज्यों में दबिश दे रही हैं। EOU का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Share This Article