टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिव देवजीत सैकिया ने चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की मौजूदगी में 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की। चयन में कई बड़े और चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। दरअसल, अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि शुभमन गिल को टीम से बाहर कर दिया गया। वहीं विकेटकीपर संजू सैमसन की वापसी हुई है और ईशान किशन व रिंकू सिंह को भी टीम में जगह मिली है।
बता दें कि इसे लेकर चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने कहा-“गिल इस समय रन नहीं बना पा रहे हैं। वह पिछले वर्ल्ड कप में भी नहीं खेले थे। हम जानते हैं कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं, शायद अभी थोड़े रन कम बना रहे हैं, उन्हें पिछले वर्ल्ड कप में भी मौका नहीं मिला था, यह दुर्भाग्यपूर्ण था।” भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गिल का चयन न होने पर कहा- “गिल को खराब फॉर्म की वजह से ड्रॉप नहीं किया गया गया है। ऐसा टीम कॉम्बिनेशन की वजह से हुआ है, हम टॉप ऑर्डर में एक विकेटकीपर चाहते थे। उनकी काबिलियत पर कोई शक की बात नहीं है, वो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। टीम को रिंकू सिंह और वाशिंगटन सुंदर की भी जरूरत थी।”
हालांकि, घोषित भारतीय टीम वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को परखने के लिए 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच मुकाबले से होगा। इसी दिन भारतीय टीम वानखेड़े स्टेडियम में USA के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च 2026 को खेला जाएगा, जबकि इसके आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी।