:
सिटी पोस्ट लाइव : धनबाद-से जीएसटी इंटेलिजेंस की रेड की बड़ी खबर आ रही है.टीम ने शनिवार को भगवती इंटरप्राइजेज और भगवती माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह के घर और दफ्तर सहित तीन ठिकानों पर छापेमारी की है. इंटेलिजेंस टीम को 200 करोड़ के फर्जी इनवॉयस मिले हैं.रामगढ़ के लक्ष्मी ट्रेडिंग में 17 जनवरी को जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी में मिथिलेश का नाम आया था. मिथिलेश ने लक्ष्मी ट्रेडिंग रामगढ़ से लगभग 100 करोड़ व सौरभ व राज सिंघल की कंपनी (धनबाद) से लगभग 100 करोड़ का फर्जी इनवॉयस लिया था.
संयुक्त निदेशक सार्थक सक्सेना के आदेश पर वरिष्ठ आसूचना पदाधिकारी रौशन मिश्रा के नेतृत्व में धनबाद के व्यापारी सौरभ सिंघल के ठिकानों पर हुई छापामारी में जीएसटी इंटेलिजेंस को तीन करोड़ रुपये के फर्जी चालान मिले हैं. इन चालानों का इस्तेमाल सामान को खरीदे बिना ही बेचने और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) का अनुचित लाभ लेने के लिए किया गया है. जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने 31 जनवरी को सिंघल के छह ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी, जो दूसरे दिन भी जारी रही. छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेज से इस बात की जानकारी मिली है कि सिंघल ने कई कागजी कंपनियां बना रखी हैं. इन कंपनियों में मां देवसार इंटरप्राइजेज, जय मां विंध्यवासिनी, भवानी इंटरप्राइजेज, ट्रिनिटी फ्यूएल्स, श्याम हार्ड कोक व अन्य शामिल हैं. इन कंपनियों का इस्तेमाल फर्जी चालान बनाने के लिए किया जाता है.