बिहार सरकार ने रविवार शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए पांच वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। वहीं दो अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी किया है, जिसके बाद कई अहम पदों पर नई तैनाती प्रभावी हो गई है।
जारी अधिसूचना के मुताबिक बिहार सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल किया है। उद्योग विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत मिहिर कुमार सिंह (1993 बैच) को हटाते हुए अब राज्य का नया विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। यह पद एस. सिद्धार्थ के हालिया रिटायरमेंट के बाद खाली हुआ था। इसी बीच में सी.के. अनिल (1991 बैच) को बिहार राज्य योजना परिषद से स्थानांतरित कर प्रमुख सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हालांकि, इसी बीच जारी एक अन्य आदेश में कुन्दन कुमार (2004 बैच) को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से स्थानांतरित करते हुए सचिव, उद्योग विभाग नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें अपने पूर्व पदों का अतिरिक्त प्रभार भी जारी रखने को कहा गया है। इसके अलावा दूसरी अधिसूचना के तहत संजय कुमार सिंह (2007 बैच) को सचिव, वाणिज्य-कर विभाग बनाया गया है। वहीं कौशल किशोर (2010 बैच) को दरभंगा प्रमंडल का प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। जबकि राज कुमार (2010 बैच) को मुजफ्फरपुर से स्थानांतरित करते हुए सचिव, परिवहन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपक कुमार सिंह (1992 बैच), जो ग्रामीण कार्य विभाग में अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत थे, उनका तबादला कर उन्हें महानिदेशक जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया है।