बिहार की राजनीति में आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को मुख्य सचिवालय में कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री और सभी मंत्री मौजूद रहेंगे। लंबे समय बाद हो रही इस बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, यह बैठक इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित अंतिम कैबिनेट बैठक के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले फरवरी में आखिरी कैबिनेट बैठक हुई थी, और उसके बाद करीब डेढ़ महीने तक कोई बैठक नहीं बुलाई गई। ऐसे में यह बैठक राजनीतिक रूप से काफी मायने रखती है। इसी बीच, मुख्यमंत्री के इस्तीफे को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार 13 अप्रैल के आसपास अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। साथ ही, खरमास खत्म होने के बाद 16 अप्रैल को बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। हालांकि, इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजनीतिक गतिविधियों के बीच उनका दिल्ली दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वे 9 अप्रैल को दिल्ली जा सकते हैं, जहां वे JDU की बैठक में हिस्सा लेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, 16 मार्च को वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं और 10 अप्रैल को शपथ लेने वाले हैं। इसके साथ ही वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने संसद और राज्य विधानमंडल,दोनों के सभी सदनों की सदस्यता हासिल की है।