शहीद संतोष यादव का पार्थिव शरीर पहुंचा पैतृक गांव, तिरंगे में लिपट कर लौटा इस्माईलपुर भिट्ठा का लाल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में देश की रक्षा करते हुए भागलपुर जिले के नवगछिया के इस्माईलपुर भिट्ठा गांव निवासी वीर हवलदार संतोष यादव शहीद हो गए। गुरुवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक और गर्व का माहौल छा गया। “संतोष यादव अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से गांव की गलियां गूंज उठीं। नवगछिया सीमा में उनके पार्थिव शरीर के पहुंचते ही सैकड़ों युवा और बच्चे तिरंगा लेकर बाइक और कारों के काफिले के साथ देश के इस वीर सपूत को अंतिम विदाई देने निकले।

गांव में हजारों की भीड़ शहीद संतोष यादव के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। इस्माईलपुर भिट्ठा की सड़कों पर देशभक्ति और श्रद्धांजलि का सैलाब उमड़ आया। जैसे ही शहीद का शव नौगछिया होते हुए उनके गांव की ओर बढ़ा, पूरे रास्ते स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सड़क किनारे खड़े होकर जयकारे लगा रहे थे। गांव में मातम के साथ-साथ अपने लाल की शहादत पर गर्व की भावना भी लोगों के चेहरों पर साफ झलक रही थी। पूरा इलाका आज वीर जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए एकजुट हो गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।
Share This Article