नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’: छपरा में जीविका दीदियों को मिली 536 करोड़ की सौगात, सैंड आर्ट देख मुस्कुराए सीएम

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत बुधवार को सारण जिले के छपरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई रफ्तार देते हुए 536.80 करोड़ रुपये की योजनाओं का उपहार दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।

‘दीदी का सिलाई घर’ से खुलेगा रोजगार का द्वार
मुख्यमंत्री ने सदर प्रखंड परिसर में ‘राधे कृष्ण जीविका महिला संकुल संघ’ द्वारा संचालित ‘दीदी का सिलाई घर’ प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र के भीतर सिलाई मशीनों पर महिलाओं को काम करते देख मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जाहिर की और कहा, “वाह, बहुत सुंदर!”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस केंद्र में 57 अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। खास बात यह है कि जीविका और ICDS के बीच हुए समझौते के तहत यहाँ मार्च तक आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए 1 लाख 95 हजार पोशाकें तैयार की जाएंगी। महिलाओं की सुविधा के लिए यहाँ ‘पालना घर’ और ‘दीदी की रसोई’ की भी व्यवस्था की गई है।

भोजपुरी संवाद और सैंड आर्ट का आकर्षण
निरीक्षण के दौरान जब मुख्यमंत्री जीविका दीदियों से बात कर रहे थे, तब चंपा देवी नामक महिला ने भोजपुरी में अपना आभार जताते हुए कहा, “बहुत अच्छा लगता बा, हमनी के रोजगार मिलल बा।” महिलाओं का यह आत्मविश्वास देख मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए।

वहीं, परिसर में सैंड आर्टिस्ट अशोक कुमार द्वारा बालू से बनाई गई मुख्यमंत्री की विशाल आकृति आकर्षण का केंद्र रही। जब उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री का ध्यान उस कलाकृति की ओर खींचा, तो अपनी तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री के चेहरे पर मुस्कान आ गई और उन्होंने कलाकार की जमकर सराहना की।

करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए कुल 450.30 करोड़ रुपये की 45 योजनाओं का शिलान्यास किया और 86.50 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का उद्घाटन किया। इन योजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिले के हर प्रखंड में अब दो-दो ‘सिलाई घर’ खोले जाएंगे ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा ने सारण में विकास और महिला स्वावलंबन को एक नई दिशा प्रदान की है।

Share This Article