पटना स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में आज का नजारा किसी उत्सव जैसा था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने अधिकारिक तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है। दिलचस्प बात यह रही कि इस ऐतिहासिक मौके पर खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद नहीं थे, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने निशांत का जोरदार स्वागत किया।

सदस्यता ग्रहण और बड़ों का आशीर्वाद;
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत को विधिवत सदस्यता दिलाई। वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने निशांत को पार्टी का पारंपरिक गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। सदस्यता लेने के तुरंत बाद निशांत ने अपनी पारिवारिक और राजनीतिक जड़ों का सम्मान करते हुए ललन सिंह और संजय झा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

निशांत कुमार जब कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे, तो उनकी सादगी ने सबका ध्यान खींचा। सफेद कुर्ते और क्रॉक्स चप्पल पहने निशांत बिल्कुल अपने पिता नीतीश कुमार के अंदाज में हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “मैं पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करूँगा। मेरे पिता ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास की जो नींव रखी है, उसे आगे बढ़ाना ही मेरा लक्ष्य है। जहाँ तक राज्यसभा जाने की बात है, वह फैसला पूरी तरह मेरे पिताजी का है।”
जश्न का माहौल;
पार्टी कार्यालय के बाहर का दृश्य किसी विजय जुलूस जैसा था। कार्यकर्ता अपने साथ हाथी, घोड़े और ऊंट लेकर आए थे। परिसर “नीतीश कुमार जिंदाबाद” और “बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” के नारों से गूंज उठा। इसके अलावा मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक भी बड़ी संख्या में निशांत का स्वागत करने पटना पहुंचे थे। जब निशांत की गाड़ी पहुँची, तो फूलों की बारिश कर उनका अभिनंदन किया गया।