इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 24वां मुकाबला आज क्रिकेट फैंस के लिए खास होने वाला है, जहां मुंबई इंडियंस (MI) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा। यह मैच मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। इस सीजन में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प बन जाता है।

पिछले सीजन की बात करें तो पंजाब ने मुंबई पर पूरी तरह दबदबा बनाया था। दोनों टीमों के बीच खेले गए दोनों मुकाबलों में पंजाब ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी पंजाब की टीम शानदार फॉर्म में दिख रही हैष दरअसल, पंजाब ने अपने 4 में से 3 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया हुआ है। एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। अगर आज पंजाब जीत दर्ज करता है, तो वह टॉप पर पहुंच सकता है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने 4 मैचों में सिर्फ 1 जीत हासिल की है और उसे अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए इस मुकाबले में हर हाल में जीत की जरूरत है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मुंबई के पक्ष में जा सकता है। अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो मुकाबला काफी बराबरी का रहा है। IPL में अब तक दोनों के बीच 34 मैच खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 17 और पंजाब ने 16 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा था, जिसे सुपर ओवर में पंजाब ने जीता था। खास बात यह है कि वानखेड़े स्टेडियम पर भी दोनों टीमें बराबरी पर हैं। यहां खेले गए 10 मैचों में दोनों ने 5-5 जीत दर्ज की हैं।

पिच रिपोर्ट की बात करें तो वानखेड़े की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी तरह बैट पर आती है, जिससे बड़े स्कोर बनते हैं। हालांकि, शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग और उछाल मिल सकती है। इस सीजन यहां खेले गए दोनों मुकाबलों में 200 से अधिक रन बने हैं। जहां एक मैच में मुंबई ने 220 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था, जबकि दूसरे मैच में RCB ने 240 रन का विशाल स्कोर डिफेंड किया था। अब तक वानखेड़े में IPL के 125 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें 58 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 67 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। इससे साफ है कि यहां चेज करना थोड़ा ज्यादा फायदेमंद साबित हुआ है।

हालांकि, मौसम की बात करें तो मुंबई में आज का दिन क्रिकेट के लिए पूरी तरह अनुकूल रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और पूरे दिन तेज धूप रहेगी। तापमान 24 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन मैच में किसी तरह की रुकावट की उम्मीद नहीं है। गौरतलब है कि आज का मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है। जहां एक तरफ फॉर्म में चल रही पंजाब किंग्स है, तो दूसरी ओर मुंबई इंडियंस भी वापसी के इरादे से मैदान पर उतरेगी।