सिटी पोस्ट लाइव : कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने एनडीए गठबंधन को ‘अंडा’ गठबंधन बताते हुए कहा कि इसमें भारी फूट है. हर पार्टी अपना-अपना राग अलाप रही है. बेमेल जोड़ी ज्यादा दिन नहीं चल सकती.उन्होंने कहा कि कहा कि NDA की सरकार में भारी दरार आ गई है. जीतन राम मांझी ने तो एक सीट डिक्लेअर ही कर दिया है. इस डबल इंजन सरकार की एक एलाइंस पार्टनर ने कैंडिडेट की डिमांड को सामने रखा है और डिक्लेरेशन में भी जा रहे हैं.
उन्होंने नीतीश सरकार का चार्जशीट पेश करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक पुल का उद्घाटन किया लेकिन अब उसमें दरार आ गई है. अब उसके ऊपर लीपा-पोती चल रही है. बिहार में 2024 में 1 दिन में 5-5 पुल गिरे हैं.इसमें सबसे ज्यादा पैसे सुपौल के कोसी नदी में निर्माणाधीन पुल में डूबे, जिसमें 1200 करोड़ रुपए लगे थे. ताज्जुब की बात यह है कि जितने भी पुल गिरे उसकी देखरेख में प्रशासनिक व्यक्तियों के ऊपर प्रशासन ने उन्हें सस्पेंड किया लेकिन फिर बहाल भी कर लिया.
शकील अहमद ने कहा कि किसी भी तरह से झूठ बोलकर, प्रपंच करके सरकार बना लेना एक अलग बात है, मगर सरकार को चलाना एक बड़ी बात है. अगर सरकार इंसाफ पसंदाना होती है तो वह जनता की सेवा में लगी रहती है.बिहार में बीजेपी, जेडीयू और इसके एलाइंस पार्टनर को इससे कोई मतलब नहीं है कि बिहार में गरीबी उन्मूलन का काम, निवेश का काम नहीं हो रहे हैं., जो निर्माण काम हो भी रहा है, उसमें भयंकर भ्रष्टाचार है.