बिहार की सियासत इन दिनों नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा को तेज कर दिया है। इसी बीच जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर नए मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर हलचल बढ़ गई है।

पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठने लगी है। समर्थकों का कहना है कि निशांत पढ़े-लिखे हैं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं, जिससे वे प्रशासनिक जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकते हैं। साथ ही, उन्हें नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। इस मुद्दे पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने भी खुलकर अपनी राय रखी है। फुलवारी विधानसभा से विधायक रजक ने कहा कि निशांत कुमार में मुख्यमंत्री बनने की पूरी क्षमता है और वे व्यक्तिगत तौर पर उन्हें इस पद पर देखना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय एनडीए गठबंधन और नीतीश कुमार को ही लेना होगा।
वहीं, बीजेपी खेमे में भी कई संभावित चेहरे चर्चा में हैं। रजक के मुताबिक उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित पार्टी में कई नेता ऐसे हैं जो मुख्यमंत्री बनने की योग्यता रखते हैं। रजक ने यह भी कहा कि चाहे मुख्यमंत्री जेडीयू से हो या बीजेपी से, सरकार का मार्गदर्शन नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही जारी रहेगा। उनके अनुसार, राज्य के विकास के लिए अनुभव और मजबूत नेतृत्व दोनों का संतुलन जरूरी है। फिलहाल, बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन अंतिम फैसला एनडीए और नीतीश कुमार के हाथ में ही माना जा रहा है।