सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अपनी मां की पुण्यतिथि के मौके पर नालंदा में अपने गांव कल्याण बिगहा पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने वहां पौधे लगाए, लेकिन वहां जो हुआ, उससे पूरे बिहार में एक बड़ा राजनीतिक संदेश गया। कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद थे। इस दौरान निशांत कुमार को समर्थकों ने घेर लिया और जमकर नारे लगाए। नारे भी कैसे। नारे ऐसे जिसमें निशांत को बिहार का भविष्य बताया गया। बिहार का भविष्य कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो। इस मौके पर उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे जो निशांत जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे और निशांत मुस्कुरा रहे थे। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा और तेज़ हो रही है. लेकिन निशांत कुमार जल्दबाजी में नहीं दिख रहे, वे आराम से राजनीति में धीरे-धीरे कदम रख रहे हैं। आज कल्याण बिगहा में जो नारे लगे, उसमें “बिहार का नेता कैसा हो, निशांत जी जैसा हो”. निशांत भाई जिंदाबाद-जिंदाबाद. समाजवाद जिंदाबाद-जिंदाबाद. बिहार का भविष्य कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो जैसे नारे शामिल थे। नारे कई थे, लेकिन सबका मतलब एक ही था कि नीतीश के बाद कौन का जवाब है कि नीतीश के बाद निशांत। निशांत की बढ़ती सक्रियता इस बात का संकेत है कि वे धीरे-धीरे राजनीति में अपनी भूमिका तलाश रहे हैं. हालांकि, अपने राजनीति में आने के सवालों को वे मुस्कुराकर हर बार टाल जाते हैं, लेकिन इन्हें खारिज भी नहीं करते। हालांकि, कई जेडीयू नेताओं ने दावा किया है कि निशांत कुमार का पार्टी में प्रवेश हो चुका है। हालांकि, इसकी कोई घोषणा नहीं की गई, पर जिस तरह से होली के दौरान नीतीश कुमार की मौजूदगी में सीएम आवास एक अणे मार्ग में नीशांत कुमार का सीनियर नेताओं और ब्यूरोक्रेट्स से परिचय करवाया गया, उससे साफ़ है कि निशांत की इस विधानसभा चुनाव में बड़ी भूमिका हो सकती है। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीतिक एंट्री जल्द हो सकती है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की छवि परिवारवाद का विरोध करने वाले समाजवादी नेता की रही है उसके अनुसार ऐसी कम ही संभावना है कि नीतीश कुमार खुद सामने से आकर निशांत को अपनी बागडोर सौंप देंगे। लेकिन, खबर है कि निशांत की पॉलिटिकल लांचिंग की जिम्मेदारी सीएम नीतीश कुमार ने अपने करीबियों को दे दी है. निशांत कुमार का व्यक्तित्व आध्यात्मिक जुड़ाव वाला है और वे पहले भी तेजस्वी यादव और चिराग पासवान जैसे युवा नेताओं को अपना छोटा भाई बता चुके हैं।
नीतीश के कार्यक्रम में निशांत को घेर नारेबाज़ीबिहार का भविष्य कैसा हो, निशांत जैसा हो