नीतीश कैबिनेट विस्तार: उपेंद्र कुशवाहा के बेटे ने ली मंत्री पद कि शपथ किसी सदन के सदस्य न होते हुए भी मंत्री बने दीपक प्रकाश

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार के गठन और रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद अब मंत्रियों की सूची भी सामने आने लगी है। सबसे दिलचस्प घटनाक्रम राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के कोटे से सामने आया है, जहाँ उनके बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।

पिता के कोटे से बेटे को मिली कैबिनेट में जगह
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM), जिसने विधानसभा चुनाव में 4 सीटें जीती हैं, के कोटे से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया जा रहा है। हालाँकि, दीपक प्रकाश ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था और वह फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। उन्हें मंत्री पद की शपथ लेने के बाद विधान पार्षद (MLC) बनाया जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यह फैसला तब आया है जब चुनाव से पहले NDA सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत हुई थी। उस समय उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को विधानसभा सीटों के अलावा एक MLC सीट दिए जाने पर सहमति बनी थी, जिसका उपयोग अब दीपक प्रकाश के लिए किया जा रहा है।

मां का नाम भी रहा था चर्चा में
दीपक प्रकाश के नाम पर मुहर लगने से पहले, उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा का नाम भी मंत्री पद की दौड़ में प्रमुखता से चल रहा था। स्नेहलता कुशवाहा ने हालिया विधानसभा चुनाव में सासाराम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और 25 हजार से भी अधिक वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की थी। चुनाव में उन्हें 1,05,006 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सतेंद्र साह को 79,563 वोट ही प्राप्त हुए थे। खुद उपेंद्र कुशवाहा राज्यसभा सांसद हैं।

सीट बंटवारे पर पहले चली थी लंबी खींचतान
विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने खासी नाराजगी जाहिर की थी। उस समय पटना में बात नहीं बनने पर उन्हें दिल्ली बुलाया गया था और उनकी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कराई गई थी। तब खबरें सामने आई थीं कि कुशवाहा को 6 विधानसभा सीटों के अलावा एक MLC सीट देने का वादा किया गया था, जिसका इस्तेमाल अब उनके बेटे के लिए किया जा रहा है।

स्पीकर पद पर भी बनी सहमति
चुनाव में बंपर जीत के बाद NDA के घटक दलों में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई सरकार में हिस्सेदारी को लेकर मंथन चल रहा था। सूत्रों के हवाले से खबर है कि स्पीकर पद को लेकर भी गठबंधन सहयोगियों में सहमति बन गई है। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक प्रेम कुमार को विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) बनाया जा सकता है, जबकि उप-अध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) का पद जनता दल यूनाइटेड (JDU) को मिलेगा।

Share This Article