नीतीश कुमार का बड़ा तोहफा: बेगूसराय में नेचर पॉलीप्लास्ट का उद्घाटन, अब दूसरे राज्यों से नहीं मंगानी होंगी कुर्सियां…

Ritu Raj

बिहार के औद्योगिक परिदृश्य में शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ। बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड’ का उद्घाटन कर राज्य को प्लास्टिक उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है।

दरअसल, इस संयंत्र में केवल कुर्सियां ही नहीं, बल्कि टेबल, स्टूल, बाल्टी, मग, डस्टबिन और विभिन्न प्रकार के प्लास्टिक बॉक्स का बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा। अब तक बिहार इन उत्पादों के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर था, लेकिन अब “मेड इन बिहार” उत्पाद न केवल स्थानीय जरूरतों को पूरा करेंगे, बल्कि दूसरे राज्यों में भी भेजे जाएंगे। इस इकाई से स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से काम मिलेगा, साथ ही लॉजिस्टिक और रिटेल सेक्टर में परोक्ष रोजगार के सैकड़ों अवसर सृजित होंगे। बता दें, यह राज्य का अपनी तरह का पहला व्यापक प्लास्टिक क्लस्टर है, जो बिहार में औद्योगिक निवेश के लिए एक सकारात्मक संदेश देता है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उद्घाटन समारोह की झलकियां;
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कैबिनेट के कई मंत्री मौजूद रहे। कंपनी के निदेशक राजेश सुरेका और ऋषभ सुरेका ने अतिथियों को फैक्ट्री का भ्रमण कराया और अत्याधुनिक मशीनरी व निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बिहार के औद्योगिक विकास की दिशा में एक ‘महत्वपूर्ण आयाम’ बताया। यह कदम दर्शाता है कि बिहार अब कृषि के साथ-साथ विनिर्माण (Manufacturing) के क्षेत्र में भी मजबूती से कदम बढ़ा रहा है।

Share This Article