सिटी पोस्ट लाइव
व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। शनिवार को पटना के आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी अधिकारियों से ली। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को इस केस में अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “पुलिस की टीम लगातार काम कर रही है। हमें हत्यारों की पहचान के साथ-साथ उन लोगों की जानकारी भी मिली है जिन्होंने इस हत्या की साजिश रची थी। जल्द ही सब कुछ सामने लाया जाएगा।”
जब उनसे यह पूछा गया कि परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची, तो उन्होंने जवाब दिया कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि, यह जांच का विषय है और यदि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो कार्रवाई की जाएगी।
आईजी जितेंद्र राणा ने भी मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए पटना एसपी को निर्देश दिए हैं कि पुलिस की प्रतिक्रिया में देरी के आरोपों की जांच की जाए। उन्होंने कहा, “अगर कहीं से भी लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
आईजी ने यह भी बताया कि अपराधियों की पहचान हो चुकी है और कुछ संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस की टीमें हर एंगल से जांच कर रही हैं और जल्द ही पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। इस बीच परिजनों और आम नागरिकों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।