नीतीश कैबिनेट में होंगे 2 डिप्टी सीएम और 20 मंत्री तैयारियां जोरों पर, पीएम मोदी और अमित शाह होंगे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में नई सरकार का गठन अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 20 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है। भाजपा और जदयू विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। वह दो उपमुख्यमंत्रियों और लगभग 20 मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे।

नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले बुधवार को कई महत्वपूर्ण राजनीतिक गतिविधियां होंगी। पहले भाजपा और जदयू विधायक दल की अलग-अलग बैठक होगी। फिर एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नीतीश कुमार को फिर से एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री राजभवन जाकर नई सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 20 नवंबर को गांधी मैदान में दिन के डेढ़ बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित होंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो उपमुख्यमंत्रियों के अलावा करीब 20 मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण करेंगे। इन मंत्रियों में भाजपा, जदयू के अलावा लोजपा (रा), हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के विधायक भी शामिल होंगे। भाजपा के मंत्रियों की सूची को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंतिम रूप दे रहे हैं, जबकि जदयू के मंत्रियों की सूची मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बना रहे हैं।

हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष कुमार सुमन और लोजपा (रा) से राजू तिवारी के अलावा अनुसूचित जाति के किसी विधायक को भी कैबिनेट में स्थान मिल सकता है। रालोमो से प्रो. स्नेहलता को मंत्री बनाए जाने की संभावना है, जो पहली बार सासाराम से विधायक चुनी गई हैं।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले भाजपा और जदयू के विधायक दल की बैठकें 11 बजे शुरू होंगी, जबकि एनडीए विधायक दल की बैठक 3.30 बजे विधानसभा स्थित सेंट्रल हाल में होगी। शपथ ग्रहण के बाद 18वीं विधानसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें प्रोटेम स्पीकर का चयन किया जाएगा।

Share This Article