नीतीश कुमार ने आज अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की, जो करीब 20 मिनट तक चली। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों से बातचीत की और माहौल काफी भावुक हो गया। कई मंत्री भावुक नजर आए, जिसे देखकर खुद मुख्यमंत्री भी इमोशनल दिखे।

मंत्री लखेंद्र पासवान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इसे बेहद भावुक पल बताते हुए सभी मंत्रियों से कहा कि वे पहले से बेहतर काम करें। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया है और अब इसे और आगे ले जाने की जिम्मेदारी मंत्रियों की है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन वहां से भी राज्य के कामकाज पर नजर बनाए रखेंगे और सभी के प्रति उनका स्नेह बना रहेगा। बैठक के बाद मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि यह पल सभी के लिए भावुक था। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने करीब 20 वर्षों तक राज्य की सेवा की और जनता के लिए जो काम किए, वे उल्लेखनीय हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मुख्यमंत्री इस्तीफा देने जा सकते हैं और इसके लिए राज्यपाल से अनुमति ले ली गई है।

मंत्री लेसी सिंह ने इस मौके को भावुक होने के साथ-साथ गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक ऐसे नेता के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात रही है। मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं भी दीं। गौरतलब है कि कैबिनेट की पिछली बैठक 20 फरवरी 2026 को हुई थी, जिसमें सोनपुर में एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। पिछले दो महीनों से कोई बैठक नहीं हुई थी, जिस पर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए थे। फिलहाल बिहार कैबिनेट में कुल 26 मंत्री शामिल हैं, जिनमें सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, श्रवण कुमार, विजय चौधरी, लेसी सिंह और जमा खान जैसे नाम शामिल हैं।