सीवान में थमा चुनावी शोर, 8 सीटों पर 6 नवंबर को डाले जाएंगे वोट…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले सीवान में सियासी सरगर्मी थम गई है। मंगलवार की शाम से जिले की आठों विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार पर रोक लगने के साथ ही अब प्रत्याशियों की जगह मतदाता केंद्र में हैं। अब तक रैलियों, जनसभाओं और रोड शो से गूंजता सीवान मंगलवार शाम के बाद शांत हो गया है। 6 नवंबर को पहले चरण में मतदान होना है।

प्रचार के अंतिम दिन एनडीए और महागठबंधन समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी। सुबह से ही प्रत्याशियों और स्टार प्रचारकों का अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दौरा जारी रहा। वाहन जुलूस, नुक्कड़ सभाएं और घर-घर संपर्क के जरिए मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिशें दिनभर जारी रहीं। सीवान जिले की बड़हरिया, जीरादेई, रघुनाथपुर, दारौंदा, दरौली, सदर, महाराजगंज और गोरेयाकोठी सीटों पर नेताओं ने जनसभाओं और रोड शो के जरिए मतदाताओं को साधने का अंतिम प्रयास किया। प्रचार थमने के साथ ही अब जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देश जारी करते हुए कहा कि अब किसी भी तरह की सभा, जुलूस या प्रचार गतिविधि सख्त वर्जित है। अगर कोई प्रत्याशी या समर्थक आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, सतत निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भय होकर 6 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करें।इस बीच जिले में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने शराब, नकदी और अन्य प्रलोभनों के वितरण पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी दल तैनात किए हैं। सभी प्रमुख मार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों पर चेक पोस्टों की संख्या बढ़ा दी गई है, जहां वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाकर मतदाताओं को प्रभावित न किया जा सके।

Share This Article