सिटी पोस्ट लाइव
पटना: जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने आज भीम संवाद कार्यक्रम में बीजेपी को आईना दिखाने की कोशिश की। नीतीश कुमार की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि आज केंद्र में एनडीए की जो सरकार चल रही है, वह बिहार की बदौलत ही है। आप सबने देखा कि यूपी में क्या हो गया। बिहार ने ही बचाया। बिहार ने ही एनडीए को 30 सीटें दे दी। संजय झा यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को चुनाव में इतना वोट आ जाता है कि दिल्ली में बैठे लोग चौंक जाते हैं कि नीतीश कुमार को इतना वोट कैसे आ गया। मैं बताना चाहता हूं कि फिर दिल्ली में बैठे लोग चौंकेंगे क्योंकि 2025 में फिर से नीतीश।
संजय झा ने भीम संवाद में बड़ी संंख्या में जुटे लोगों से नारा लगवाया कि 2025 में फिर से नीतीश। नीतीश कुमार की मौजूदगी में दिए गए जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के भाषण में बीजेपी के लिए कई मैसेज था। आज दिए गए ये मैसेज इसलिए अहम हैं क्योंकि कल संजय झा बीजेपी के कार्यालय गए थे और सीटों के तालमेल पर हुई बेहद महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया था। इसके बाद, संजय झा ने आज अपने भाषण में बिलकुल साफ़-साफ़ बीजेपी को मैसेज देने की कोशिश की। संजय झा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जदयू को कितने वोट आए, सबने देखा। चार विधानसभा सीटों पर जो उपचुनाव हुआ, उसमें तीन पर हमारे विधायक नहीं थे, लेकिन देखिए हमें चारों सीटों पर जीत मिली। मतलब एकदम साफ़ है कि 2025 में फिर से नीतीश।
संजय झा ने भीम संवाद में जुटे लोगों से आह्वान किया कि केंद्र में एनडीए की सरकार है। सड़क बन गया, पानी-बिजली मिल गई, अब बिहार में सबको रोज़गार देना है। अगले पांच साल में नीतीश कुमार यह सुनिश्चित करेंगे कि बिहार में पूंजी आए और यह तभी होगा जब केंद्र के साथ-साथ बिहार में भी हमारी सरकार रहेगी। नीतीश कुमार ने जैसे पानी-बिजली-सड़क को घर-घर पहुंचाया वैसे ही हर घर में रोज़गार पहुंचाएंगे। सुनिए संजय झा ने क्या कुछ कहा।