सिटी पोस्ट लाइव
कटिहार जिले के बरारी प्रखंड अंतर्गत मोहना चांदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 16 और 17 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। वर्षों से जर्जर सड़कों और खराब बिजली व्यवस्था को झेलते हुए अब ग्रामीणों ने बरारी विधायक विजय सिंह निषाद के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें खस्ताहाल हैं, जिनपर चलना जान जोखिम में डालने जैसा है। रोजाना हादसे हो रहे हैं, लेकिन कोई सरकारी पहल नजर नहीं आ रही। वहीं, बिजली की स्थिति इतनी बदतर है कि घंटों गुल रहने के बावजूद सुधार की कोई उम्मीद नहीं दिख रही।
लोगों ने बताया कि उन्होंने विधायक से कई बार मिलकर समस्या उठाई, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले। अब लोगों का धैर्य टूट चुका है। इसी गुस्से को लेकर ग्रामीणों ने विधायक का पुतला फूंका और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अब विधायक वोट मांगने गांव आए, तो जूते-चप्पलों से ‘स्वागत’ किया जाएगा। उनका कहना है – “जब विकास नहीं, तो वोट नहीं!” इस विरोध प्रदर्शन ने न सिर्फ प्रशासन बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। यह जनआक्रोश सरकार के उस “विकास मॉडल” पर सवाल खड़ा करता है, जो आज भी ग्रामीण इलाकों में बिजली, सड़क और पानी जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने में नाकाम है।