सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आगामी चुनावों की तैयारी के मद्देनज़र संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। शुक्रवार को राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन ने यह घोषणा की। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और मंगनी लाल मंडल स्वयं मौजूद थे।
डॉ. तनवीर हसन ने बताया कि 2023-2028 की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत 14 जून को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की आख़िरी तारीख थी। मंगनी लाल मंडल ने अपने 10 प्रस्तावकों के साथ नामांकन दाखिल किया था, जिसकी सभी औपचारिकताएं वैध पाई गईं। चूंकि कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आया, इसलिए उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। ज्ञान भवन में होगी सम्मान समारोह 19 जून को पटना के ज्ञान भवन में राज्य परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी, जहां नवनियुक्त अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मंगनी लाल मंडल का पहला बयान: “राजद और तेजस्वी यादव को सत्ता में लाना ही अब मेरा मिशन” नवनियुक्त अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “मुझे अध्यक्ष चुने जाने पर मैं पार्टी के संगठन और नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं, विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का।” “2025 के चुनाव में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता और चुनौती है।”
उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा: “बिहार में FIR दर्ज कराने के लिए भी 10,000 रुपये देने पड़ते हैं। हत्या, डकैती और बलात्कार आम हो गया है। स्कूलों में पढ़ाई ठप है और दाखिल-खारिज के लिए रिश्वत लेनी पड़ती है। ये ‘सुशासन नहीं, दुशासन’ है।” “जनता बदलाव चाहती है और अब तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री देखना चाहती है।” मंगनी लाल मंडल ने कहा कि जिनके पास सबसे कम विधायक हैं, वह मुख्यमंत्री बने बैठे हैं, जबकि असली जनमत महागठबंधन के साथ है।