पटना हाईकोर्ट: मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने फहराया तिरंगा, न्याय के प्रांगण में गूंजा राष्ट्रगान

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
देश के 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज पटना उच्च न्यायालय के ऐतिहासिक परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। न्याय के इस सर्वोच्च मंदिर में संविधान का परचम लहराते हुए मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराने के साथ ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान की धुन से गुंजायमान हो उठा।

पश्चिमी लॉन में उमड़ा न्यायिक परिवार
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पटना हाईकोर्ट के ‘पश्चिमी लॉन’ में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से ही यहाँ अतिथियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों का तांता लगा रहा। समारोह की व्यवस्था को बेहद सुव्यवस्थित रखा गया था। पश्चिमी लॉन के दक्षिणी भाग में पूर्व न्यायाधीशों ने अपनी पत्नियों के साथ गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अधिवक्ताओं के लिए पश्चिमी लॉन के दक्षिणी भाग-2 में बैठने की विशेष व्यवस्था की गई थी। दूसरी ओर, रजिस्ट्री के कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी सपरिवार उत्तरी भाग में स्थान ग्रहण किया। ठीक सुबह 10:00 बजे मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू अन्य माननीय न्यायाधीशों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और उन्होंने ध्वजारोहण की रस्म पूरी की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह देशभक्ति के रंग में डूब गया। झंडोत्तोलन के बाद चीफ जस्टिस ने वहां मौजूद गणमान्य अतिथियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का औपचारिक समापन पुनः राष्ट्रगान के साथ हुआ।

बिहार राज्य बार काउंसिल में भी मना जश्न
हाईकोर्ट के मुख्य कार्यक्रम के अलावा, बिहार राज्य बार काउंसिल परिसर में भी सुबह 10:30 बजे हर्षोल्लास के साथ झंडा फहराया गया। यहाँ बार काउंसिल के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता रमाकांत शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, काउंसिल के सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Share This Article