पटना हॉस्टल कांड: ‘रसूखदारों के बेटों को बचा रही सरकार’, पप्पू यादव ने की CBI जांच की मांग; तेजस्वी और नीतीश दोनों को घेरा

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब एक बड़े राजनीतिक बवंडर में तब्दील हो गया है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों पर तीखा हमला बोला है। खगड़िया पहुंचे सांसद ने आरोप लगाया कि इस जघन्य वारदात के पीछे ‘बड़ी मछलियों’ और ‘रसूखदारों’ के बेटों का हाथ है, जिन्हें बचाने के लिए सिस्टम पूरी ताकत लगा रहा है।

सरकार असंवेदनशील, विपक्ष पर भी तंज
पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा, “नेता प्रतिपक्ष को तो छोड़ ही दीजिए, सरकार भी इस मामले को लेकर रत्ती भर संवेदनशील नहीं है।” उन्होंने पुलिस द्वारा 8300 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज करने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या लोगों को डराना ही संवेदना है? उन्होंने कहा कि मदद के लिए आगे आने वाले निर्दोष लोगों को केस में फंसाया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

‘बड़ी मछलियों के बेटे हैं शामिल, हो CBI जांच’
सांसद ने दावा किया कि स्थानीय पुलिस इस मामले की गुत्थी नहीं सुलझा पाएगी क्योंकि इसमें रसूखदार परिवारों के लड़के शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे तुरंत CBI को सौंप देना चाहिए। पप्पू यादव ने कहा, “इसमें बड़ी मछलियों के बेटे और सफेदपोशों के रिश्तेदार शामिल हैं। यही कारण है कि अब तक मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस केस में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी असली गुनहगारों को सलाखों के पीछे भेजना चाहिए।”

मदद करने वालों को निशाना बना रही पुलिस
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि जो लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े हो रहे हैं या न्याय की मांग कर रहे हैं, पुलिस उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि समाज के जागरूक लोगों को डराकर सच को नहीं दबाया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह अपनी जिद छोड़े और पारदर्शी जांच के लिए मामला केंद्रीय एजेंसी को सौंपे।

इस बीच, पटना में छात्रा की मौत के बाद उपजा आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पप्पू यादव के इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया है, जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा बिहार विधानसभा से लेकर सड़कों तक और गरमाने के आसार हैं।

Share This Article