सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पटना शहर में ट्रैफिक को कम करने और बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान के अनुसार, 1 फरवरी 2025 से पटना में 10 नए यातायात ओपी शुरू किए जाएंगे। इन ओपी के तहत यातायात संचालन से जुड़ी सभी गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी, हालांकि यहां केस दर्ज नहीं किए जाएंगे।
अपराजित लोहान ने बताया कि इन नए ओपी के तहत 2 से 3 सेक्टर प्रभारी होंगे, जो नियमित रूप से दो पहिया वाहनों से गश्त करेंगे और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करेंगे। पटना के शहरी क्षेत्र में कुल 10 नए ओपी, 25 सेक्टर यातायात बीट, और 50 ट्रैफिक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे। यह कदम पटना शहर में ट्रैफिक जाम और बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए उठाया गया है। इन यातायात ओपी के कार्यालय कोतवाली, राजीव नगर, मीठापुर, पत्रकार नगर, जीरो माइल, खगौल, एयरपोर्ट, पीरबहोर, सुल्तानगंज और बिहटा में बनाए गए हैं।
यह पहल पटना में ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में मददगार साबित होगी। वहीं पटना के ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने कहा कि,”हमारा लक्ष्य पटना में यातायात को पूरी तरह से नियंत्रित करना और लोगों को सहज यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। यह कदम यातायात की समस्या को सुलझाने में कारगर साबित होगा।” इस कदम से उम्मीद है कि पटना शहर में यातायात की समस्याओं में सुधार होगा और लोगों को सड़कों पर आवागमन में आसानी होगी।