सिटी पोस्ट लाइव
पटना मेट्रो के यात्रियों के लिए क्रिसमस का दिन एक बड़ा झटका लेकर आया, जब मेट्रो सेवा तकनीकी खराबी के कारण ठप हो गई। पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (PMRCL) ने एक सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया कि बुधवार को मेट्रो संचालन में आई अप्रत्याशित तकनीकी गड़बड़ी के बाद मेट्रो सेवाएं गुरुवार तक बहाल नहीं हो सकी। कंपनी ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और कहा कि तकनीकी टीम समस्या का समाधान करने में लगी है, जल्द ही सेवा बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
पटना मेट्रो का परिचालन 7 अक्टूबर को शुरू हुआ था, और तब से यह सेवा लगातार यात्रियों को सुविधाएं प्रदान कर रही थी। बुधवार को पहली बार 76 दिनों बाद मेट्रो संचालन में विघ्न आया। हालांकि, कंपनी ने आश्वासन दिया कि मेट्रो सेवा की बहाली जल्द होगी। पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के अंतर्गत वर्तमान में भूतनाथ, जीरो माइल और ISBT स्टेशन के बीच मेट्रो चल रही है, जिसमें न्यूनतम किराया 15 रुपये निर्धारित किया गया है और अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।
पटना मेट्रो के विस्तार के संबंध में भी अच्छी खबर है। नए साल में दो नए स्टेशन मलाही पकड़ी और खेमनीचक की शुरुआत होने की योजना है। मलाही पकड़ी स्टेशन का सिविल और संरचनात्मक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि खेमनीचक स्टेशन में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। खेमनीचक स्टेशन को एक कनेक्टिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो भविष्य में रूट संचालन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके साथ ही, पटना मेट्रो परियोजना के तहत पटना जंक्शन से रुकनपुरा और मीठापुर तक 9.35 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड कॉरिडोर भी तैयार किया जा रहा है।