बायोमेट्रिक सिस्टम, CCTV निगरानी और RF-ID जैकेट से होगी फिजिकल परीक्षा; दलालों से सावधान रहने की अपील
सिटी पोस्ट लाइव
कैमूर, बिहार: जिले में 241 गृह रक्षक (होम गार्ड) पदों पर नियुक्ति के लिए फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया 15 मई से शुरू हो गई है, जो 4 जून तक चलेगी। यह परीक्षा भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जहां कुल 19838 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 16386 पुरुष, 3451 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
गृह रक्षक के प्रभारी कमांडेंट रवि कुमार रुद्र ने जानकारी दी कि इस बार चयन प्रक्रिया पूरी तरह बायोमेट्रिक और CCTV निगरानी में की जा रही है। प्रत्येक अभ्यर्थी को प्रवेश के समय बायोमेट्रिक पहचान कर मैदान में भेजा जा रहा है। दौड़ के समय RFID चिप लगी जैकेट पहनाई जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन ऑटोमेटिक रिकॉर्ड हो रहा है। दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, गोला फेंक और मेडिकल टेस्ट में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ही आगे की प्रक्रिया में शामिल होंगे।
फिजिकल टेस्ट की शेड्यूलिंग प्रत्येक दिन चार स्लॉट में अभ्यर्थियों की एंट्री हो रही है: पहला स्लॉट: सुबह 4:00 बजे, दूसरा स्लॉट: 4:30 बजे, तीसरा स्लॉट: 5:00 बजे, चौथा स्लॉट: 5:30 बजे पुरुष अभ्यर्थियों को 320 मीटर के रनिंग ट्रैक पर 6 मिनट में पांच चक्कर लगाने होंगे। वहीं, महिला अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट 2 से 4 जून के बीच कराया जाएगा।
एम.बी. रेयान खान, एक अभ्यर्थी ने कहा, “हमारी तैयारी पूरी है, चयन के बाद हमारा लक्ष्य ओलंपिक है।” अनिता कुमारी, महिला अभ्यर्थी ने बताया कि वह तीन माह से भभुआ में रहकर ट्रेनिंग कर रही हैं और उन्हें विश्वास है कि इस बार चयन होगा। कोच वीरू दीन, जो यूपी के चंदौली जिले से हैं, ने बताया कि इस बार के फिजिकल टेस्ट में प्रतिभागियों का प्रदर्शन काफी अच्छा है। वह पहले बिहार पुलिस में 58 अभ्यर्थियों का चयन करवा चुके हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा का ध्यान
जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में ORS, पानी, पंडाल और चलंत शौचालय की व्यवस्था की गई है। कमांडेंट रुद्र ने कहा कि एक बार परीक्षा स्थल में प्रवेश के बाद, प्रक्रिया पूरी होने तक बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। कमांडेंट ने साफ कहा कि पूरी प्रक्रिया मेरिट आधारित और पारदर्शी है। कोई भी अभ्यर्थी दलालों के बहकावे में न आए। हर गतिविधि CCTV और बायोमेट्रिक निगरानी में हो रही है, किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
यह फिजिकल टेस्ट कैमूर जिले के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और योग्य अभ्यर्थियों को आगे लाने की एक अहम प्रक्रिया है, जो पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।