सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार दौरे पर महागठबंधन के भीतर चल रही कलह को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने कांग्रेस की कनपटी पर ‘कट्टा’ रखकर मुख्यमंत्री पद का ऐलान करवा लिया।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दोनों मुद्दों पर राजद और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आज विकसित बिहार के संकल्प के साथ पूरा एनडीए एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है, लेकिन महागठबंधन के अंदर घमासान मचा हुआ है।
सीएम पद के ऐलान पर ‘गुंडाराज’ का आरोप
पीएम मोदी ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ऐलान जबरन करवाया गया था।
प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस और राजद के अंदर घमासन मचा हुआ है। अंदर की बात यह है कि नामांकन वापस लेने के एक दिन पहले बंद कमरे में गुंडाराज का खेल खेला गया। राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर सीएम पद चोरी कर लिया। फिर जबरन सीएम पद की घोषणा करवाई गई।”
उन्होंने आगे कहा कि राजद और कांग्रेस में भयंकर झगड़ा बढ़ गया है, और इसका प्रमाण यह है कि राजद वालों ने घोषणा पत्र और प्रचार तक में कांग्रेस से कुछ भी नहीं पूछा। पीएम ने चेतावनी दी कि चुनाव के बाद ये लोग एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे, इसलिए ऐसे लोग बिहार का भला कभी नहीं कर सकते।
जंगलराज पर सीधा हमला: ‘कट्टा, कटुता, क्रूरता ही पहचान’
पीएम मोदी ने राजद के शासनकाल को ‘जंगलराज का कुशासन’ बताते हुए बिहार की कानून व्यवस्था के पुराने दिनों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जंगलराज ने बिहार को खोखला कर दिया, जिसकी पहचान कट्टा, कटुता, क्रूरता, कुशासन और करप्शन है।
पीएम ने 2005 से पहले की भयावह स्थिति का उदाहरण देते हुए कहा कि जंगलराज के दौरान 37 हजार लोगों का अपहरण हुआ था। उन्होंने नवंबर 2004 की एक घटना का जिक्र किया, जब तरारी ब्लॉक में पोलियो ड्रॉप पिला रहे एक डॉक्टर का अपहरण कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि उस मुश्किल दौर से सीएम नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने बिहार को बाहर निकाला है।
राष्ट्रीय मुद्दों और सिखों के नरसंहार पर घेराव
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देश की सेना की सफलता राजद और कांग्रेस को पसंद नहीं आई। उन्होंने कांग्रेस के ‘शाही परिवार’ पर पाकिस्तान में धमाके होने पर नींद उड़ने का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने कांग्रेस की पहचान सिखों के कत्लेआम से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिखों का नरसंहार किया था और आज भी नरसंहार के आरोपियों को पूरे सम्मान के साथ अपनी पार्टी में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस को अपने किए गए कृत्यों का पछतावा नहीं है और वे बिहार की पहचान खत्म करने में लगे हैं।
एनडीए का संकल्प: विकास और विरासत
पीएम मोदी ने मतदाताओं को राजद और कांग्रेस वालों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि उनके इरादे बेहद खतरनाक हैं, क्योंकि ये लोग सिर्फ ‘जंगलराज की पाठशाला’ में पढ़कर निकले हैं। उन्होंने कहा कि इनका रिकॉर्ड निवेशकों को भगाने का है, क्योंकि जब निवेशकों को ‘लालटेन और लाल झंडा’ दिखेगा तो वे पैसा नहीं लगाएंगे।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि निवेशक सिर्फ एनडीए सरकार ही ला सकती है, जो विकास और विरासत दोनों को महत्व देते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्मस्थली का कायाकल्प करने का संकल्प दोहराया और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब, बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी जैसे नेताओं का अपमान किया।