प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शुक्रवार) बिहार में समस्तीपुर और बेगूसराय में एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी समस्तीपुर में दोपहर 12:15 बजे पहुंचेंगे, जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद दोपहर 2 बजे बेगूसराय में जनसभा का आयोजन होगा। बिहार आने से पहले मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक नोट शेयर कर बिहारवासियों से संवाद किया है।
एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि- “प्रकृति और संस्कृति को समर्पित महापर्व छठ आने वाला है। बिहार सहित देशभर में इसकी तैयारियों में श्रद्धालु पूरे भक्ति-भाव से जुट चुके हैं। छठी मइया के गीत इस पावन अवसर की भव्यता और दिव्यता को और बढ़ाने वाले होते हैं। आपसे आग्रह है कि आप भी छठ पूजा से जुड़े गीत मेरे साथ शेयर करें। मैं अगले कुछ दिनों तक इन्हें सभी देशवासियों के साथ साझा करूंगा।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार दौरे के दौरान समस्तीपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले कर्पूरीग्राम जाएंगे। यहां जननायक कर्पूरी ठाकुर के स्मृति भवन में जाकर वे उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम कर्पूरी ठाकुर की सम्मान में आयोजित किया जाएगा, जो बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक शख्सियत रहे हैं। वहीं, कर्पूरीग्राम में लगभग 25 मिनट तक रहेंगे, जहां वे कर्पूरी ठाकुर के योगदान को याद करते हुए जनता को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद, वे दूधपूरा एयरपोर्ट मैदान पर एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में वे एनडीए के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी प्रचार करेंगे और राज्य के विकास के मुद्दों पर बात करेंगे। पीएम मोदी की यह जनसभा बिहार विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए वे राज्य के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ देने का वादा करेंगे और विपक्षी दलों पर निशाना भी साध सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की समस्तीपुर जनसभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, लोजपा (R) के अध्यक्ष चिराग पासवान, हम के नेता जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भी मौजूद रहेंगे। दूधपूरा एयरपोर्ट मैदान का कार्यक्रम करीब 45 मिनट का होगा, जहां वह एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में अपना संबोधन देंगे। इस दौरान पंडाल में एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। समस्तीपुर में वे करीब एक घंटा 10 मिनट तक रहेंगे, इसके बाद वह बेगूसराय के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां उनकी अगली जनसभा होगी।