सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर लैंड करते ही पीएम मोदी का स्वागत जिस गर्मजोशी के साथ हुआ, उसने दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ होते रिश्तों की एक नई तस्वीर पेश की है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम प्रोटोकॉल तोड़कर खुद पीएम मोदी का स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे, जिसे अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में बेहद खास माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर छाई ‘कार डिप्लोमेसी’
इस यात्रा की सबसे चर्चा का विषय रही प्रधानमंत्री मोदी द्वारा साझा की गई एक तस्वीर। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ उनकी कार में एक सेल्फी साझा की। इस ‘कार डिप्लोमेसी’ ने यह संदेश दिया कि भारत और मलेशिया के बीच केवल कूटनीतिक रिश्ते ही नहीं, बल्कि दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत मित्रता भी काफी गहरी है।
पीएम मोदी ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा: “कुआलालंपुर पहुंच गया हूं। एयरपोर्ट पर मेरे दोस्त पीएम अनवर इब्राहिम द्वारा किए गए स्वागत से अभिभूत हूं। हम दोनों अब एक कम्युनिटी प्रोग्राम की ओर बढ़ रहे हैं। यह यात्रा भारत-मलेशिया की दोस्ती को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”
रक्षा और आर्थिक सहयोग पर रहेगा जोर
प्रधानमंत्री मोदी की यह तीसरी मलेशिया यात्रा है। इस दौरे का मुख्य एजेंडा रक्षा, सुरक्षा, आर्थिक और नवाचार (Innovation) के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना है। विशेषज्ञों का मानना है कि दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत मलेशिया एक बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है। दोनों नेता आपसी हितों, व्यापारिक समझौतों और उभरते तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
15 हजार भारतीयों से करेंगे संवाद
आज शाम कुआलालंपुर में “सेलामत दातंग मोदी जी” (स्वागत है मोदी जी) नाम से एक विशाल कम्युनिटी रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के लगभग 15,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पीएम मोदी वहां प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे और भारत की प्रगति व वैश्विक पटल पर उसकी बढ़ती भूमिका को साझा करेंगे।
मलेशिया में भारतीय समुदाय का एक बड़ा आधार है, और पीएम मोदी का यह कार्यक्रम दोनों देशों के सांस्कृतिक और ‘पीपल-टू-पीपल’ संबंधों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।