सिटी पोस्ट लाइव
पटना: राहुल गांधी कल बिहार में पटना दौरा करेंगे, इसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने सैकड़ों पोस्टर पूरे शहर में लगाए हुए थे। लेकिन इन पोस्टर को नगर निगम ने राहुल गांधी के आगमन से पहले ही हटा दिया। इस पर राजनीतिक बवाल मच गया है। कांग्रेस ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए इसे एक शर्मनाक कदम करार दिया है। नगर निगम का दावा है कि ये पोस्टर बिना इजाजत के लगाए गए थे और अवैध थे, जबकि कांग्रेस ने इसे एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र बताया।

कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि अगर सरकार राहुल गांधी के पोस्टर से डर गई है, तो फिर नीतीश कुमार को यह बताना होगा कि क्या वे अब आरएसएस की गोद में बैठकर अपनी सरकार चला रहे हैं। राठौड़ ने यह भी कहा कि यह समय आ गया है कि नीतीश कुमार की सरकार को सत्ता से बेदखल किया जाए। कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने आगे कहा कि,“यह एक षड्यंत्र है! जब एक पार्टी के पोस्टर से सरकार डर जाए, तो इस बात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है कि नीतीश कुमार की सरकार का वक्त अब खत्म होने वाला है।”

वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि अवैध पोस्टर लगने पर उन्हें हटाना ही था। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि यह बिहार की सुशासन सरकार है, और यदि पोस्टर बिना अनुमति के लगाए जाएंगे, तो उन्हें हटाना तय है। भाजपा के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि,“जो पोस्टर बिना अनुमति के लगे, वे हटाए जाएंगे, क्योंकि यह सुशासन की सरकार है।” यह घटना पटना में राजनीतिक हलकों में एक नया विवाद खड़ा कर चुकी है, और अब यह देखने वाली बात होगी कि कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे पर और कौन से बयान सामने आते हैं। इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है।