भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खराब भोजन के मामले में सख्त कार्रवाई की है। Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि संबंधित फूड सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का दंड लगाकर उसका कॉन्ट्रैक्ट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया।

यह मामला 16 मार्च 2026 का है, जब ट्रेन संख्या 21896 पटना–टाटानगर Vande Bharat Express में सफर कर रहे एक यात्री ने खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई। यात्री के अनुसार, परोसे गए भोजन में न सिर्फ सफाई की कमी थी, बल्कि दाल और दही में कीड़े भी पाए गए। शिकायत के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए और यह सामने आया कि भोजन गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग के तय मानकों का गंभीर उल्लंघन हुआ था। रेलवे ने इसे यात्रियों की सेहत के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ी कार्रवाई की।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराना और सेवा प्रदाताओं की निगरानी करना IRCTC की जिम्मेदारी है। इस मामले में वह अपनी भूमिका निभाने में असफल रही। वहीं, भोजन उपलब्ध कराने वाली निजी कंपनी को अधिक दोषी मानते हुए उस पर भारी जुर्माना लगाने के साथ अनुबंध भी रद्द कर दिया गया। इस घटना के बाद रेलवे ने साफ संकेत दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।