फल्गु नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना, जिला प्रशासन ने की सतर्कता की अपील

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
जहानाबाद जिले के जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि फल्गु नदी के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश हो रही है। इस बारिश के कारण फल्गु नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे जिले के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल, उदेरास्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अगर जलस्तर में वृद्धि होती है तो उदेरास्थान बराज के गेट खोले जा सकते हैं, जिससे डाउन स्ट्रीम में पानी का प्रवाह तेज हो सकता है। इस संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए, जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस बलों को तैयार रहने का निर्देश दिया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जिला पदाधिकारी ने जनता से अपील की है कि नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें और नदी या इससे जुड़ी नहरों, आहरों और पइन के पास ना जाएं। खासकर बच्चों और जानवरों को इन इलाकों से दूर रखें। इसके अलावा, किसी भी हालत में नदियों में तैरने या नहाने की कोशिश न करें, क्योंकि पानी के स्तर में लगातार वृद्धि हो सकती है।

उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें। यदि कोई आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है, तो लोग जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, जहानाबाद के मोबाइल नंबर 9905614917 और 9507716164 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article