सिटी पोस्ट लाइव
कटिहार जिले के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र में आज “प्राणपुर विधानसभा बचाओ संघर्ष समिति” के बैनर तले एक जोरदार जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाहरी उम्मीदवारों के विरोध में जनजागरण फैलाना और स्थानीय नेतृत्व को मजबूती देना था।
“बाहरी भगाओ, प्राणपुर बचाओ” के नारों से गूंजते माहौल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने मंच से यह स्पष्ट किया कि बाहरी प्रत्याशी क्षेत्र की समस्याओं को न तो समझते हैं और न ही उनके समाधान के लिए गंभीर रहते हैं। ऐसे में अब समय आ गया है कि जनता खुद के बीच से नेतृत्व चुने, जो जमीनी समस्याओं को समझे और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए।
कार्यक्रम में प्राणपुर के पिछड़ेपन, सड़कों की दुर्दशा, बेरोज़गारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। लोगों ने बताया कि वर्षों से उनका क्षेत्र राजनीतिक उपेक्षा का शिकार रहा है। नक्षत्र न्यूज़ के संवाददाता श्याम वर्धन ने जनसंवाद में भाग ले रहे लोगों से बात की और उनकी पीड़ा और उम्मीदों को करीब से समझा। कई स्थानीय युवाओं ने कहा कि वे इस बार चुनाव में केवल उन्हीं उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे जो प्राणपुर के निवासी हों और क्षेत्र के साथ भावनात्मक जुड़ाव रखते हों।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट रूप से चेताया है कि अगर पार्टियां फिर से बाहरी उम्मीदवारों को थोपने की कोशिश करेंगी तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। यह जनसंवाद कार्यक्रम सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि एक रचनात्मक पहल भी थी—जहां समस्याओं के साथ समाधान की भी बात हुई।