पटना के एक स्कूल में मंगलवार को शिक्षक-शिक्षिका के बीच हुए तीखे विवाद ने अचानक खौफनाक मोड़ ले लिया। मारपीट के आरोपों के बीच शिक्षक राजकिशोर शर्मा ने मौके पर ही जहर खा लिया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में PMCH रेफर किया गया है।
पटना के बाढ़ अनुमंडल में मंगलवार को स्कूल परिसर में हुआ विवाद एक सनसनीखेज मोड़ पर जा पहुंचा। सकसोहरा बाजार स्थित महंत रामनारायण पुरी उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुए झगड़े के बाद घायल शिक्षक की पहचान खुसरूपुर निवासी राजकिशोर शर्मा के रूप में हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान शिक्षिका से हुई मारपीट के बाद उन्होंने जहर खा लिया। पहले उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने शिक्षिका पर पिटाई का आरोप दोहराया। दरअसल, शिक्षिका का कहना है कि 23 नवंबर को राजकिशोर शर्मा की दूसरी शादी की खबर मिलने के बाद वह सिर्फ सच जानने स्कूल पहुंची थीं, लेकिन बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए मारपीट के आरोप को सिरे से खारिज किया। उधर, स्कूल परिसर में हुई इस नाटकीय घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शिक्षक द्वारा जहर खाने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों से मामला और पेचीदा होता जा रहा है।
उधर, अस्पताल पहुंची शिक्षिका ने अपनी ही अलग कहानी सामने रख दी। नाम उजागर करने से इनकार करते हुए उन्होंने दावा किया कि दोनों पहले नालंदा के एक ही स्कूल में कार्यरत थे और वहीं से उनका प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। शिक्षिका के मुताबिक, तीन साल पहले दोनों ने नालंदा के एक मंदिर में अंतरजातीय विवाह भी कर लिया था और तब से पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवार की नाराज़गी के कारण उन्हें कभी ससुराल नहीं ले जाया गया और उनकी कोई संतान भी नहीं है।