सिटी पोस्ट लाइव
पटना: प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी जन सुराज बिहार में पैसों की बारिश कर देगी। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रशांत किशोर को साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय ने अपना चुनावी सलाहकार बना लिया है। 600 करोड़ की व्हाइट मनी के मालिक अभिनेता विजय का साउथ में बड़ा जलवा है और चुनावी रणनीतिकार के रूप में प्रसिद्ध प्रशांत किशोर अब एक नई जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। प्रशांत किशोर अब डबल रोल निभाने की योजना में हैं, जहां वे एक ओर बिहार में चुनावी तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु की राजनीति में भी अपनी भूमिका निभाने के लिए सक्रिय हैं।
वे तमिलनाडु की राजनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका में प्रवेश कर रहे हैं। चेन्नई में अभिनेता विजय से मुलाकात के बाद यह साफ हो गया है कि वे विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के लिए विशेष सलाहकार बनेंगे। प्रशांत किशोर ने विजय से 2026 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए अपनी सहायता देने का भरोसा दिया है।
लेकिन सवाल यह उठता है कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले प्रशांत किशोर तमिलनाडु क्यों पहुंचे? प्रशांत किशोर एक अनुभवी चुनावी रणनीतिकार हैं और उनकी पार्टी को बिहार में चुनाव लड़ना है, तो ज़ाहिर तौर पर पैसे की ज़रूरत होगी।
प्रशांत किशोर की तैयारी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए
प्रशांत किशोर ने हाल ही में बिहार में उपचुनाव भी लड़ा था और 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी की तैयारी शुरू कर दी है। वे बिहार में बीपीएससी परीक्षा रद्द करने के विरोध में भी अनशन कर चुके हैं। फिलहाल, ‘जन सुराज’ की ओर से पटना में मरीन ड्राइव के पास एक आश्रम में पार्टी कार्य किए जा रहे हैं।
प्रशांत किशोर और विजय की मुलाकात तीन घंटे तक चली। इस दौरान दोनों नेताओं ने तमिलनाडु के साथ-साथ देश की राजनीति पर विस्तार से चर्चा की। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैठक के बाद यह तय हुआ कि प्रशांत किशोर अब TVK के लिए विशेष सलाहकार की भूमिका निभाएंगे, हालांकि इस समझौते को लेकर कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।
साल 2021 में प्रशांत किशोर ने पहली बार दक्षिण भारत की राजनीति में कदम रखा था, जब उन्होंने डीएमके (DMK) के साथ मिलकर चुनावी रणनीति बनाई थी। उस चुनाव में डीएमके ने 10 सालों के बाद जीत हासिल की थी। अब विजय की पार्टी TVK भी 2026 में DMK और भाजपा के खिलाफ चुनावी मुकाबला करने की तैयारी में है।