सिटी पोस्ट लाइव
भारतीय वायुसेना के महानिदेशक (वायु संचालन) एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती की अद्वितीय सैन्य उपलब्धियों और भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान उनके नेतृत्व में हुए ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को घुटनों पर लाने जैसे ऐतिहासिक पराक्रम पर आज पूर्णिया की धरती गौरवान्वित हो उठी। इस गौरवपूर्ण क्षण पर जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने पूर्णिया के झुलनीकला कला गांव स्थित एयर मार्शल के पैतृक निवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता श्री जीवछ लाल यादव और श्रीमती कौशल्या देवी को सम्मानित किया।

पप्पू यादव ने शाल ओढ़ाकर और चरण स्पर्श कर माता-पिता को सम्मानित करते हुए कहा: “पूर्णिया की धरती को नमन है, जिसने भारत को ऐसा वीर सपूत दिया जिसने दुश्मन को उसके घर में घुसकर जवाब दिया।”समारोह के दौरान “एयर मार्शल भारती ज़िंदाबाद”, “भारत माता की जय”, “भारत के वीर शहीद ज़िंदाबाद”, “झुलनीकला कला ज़िंदाबाद”, “पूर्णिया ज़िंदाबाद” जैसे नारों से पूरा माहौल देशभक्ति में सराबोर हो गया।
एयर मार्शल भारती के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय सैन्य इतिहास में एक निर्णायक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पाकिस्तान की ओर से हो रही घुसपैठ और गतिविधियों पर कड़ा जवाब देते हुए उन्होंने न केवल सैन्य कौशल दिखाया, बल्कि भारतीय रणनीति की श्रेष्ठता भी स्थापित की। इस अवसर पर भारत-पाक संघर्ष में शहीद हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी शहादत को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। पप्पू यादव ने कहा: “यह जीत सिर्फ एक ऑपरेशन की नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, साहस और रणनीतिक शक्ति की जीत है।”