सिटी पोस्ट लाइव
पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तुरंत अपने बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री पद सौंप देना चाहिए। राबड़ी देवी ने बिहार विधान परिषद के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह मांग उठाई, जिसमें राजद के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। उनके बयान पर अब्दुल बारी सिद्दीकी और सुनील सिंह जैसे नेताओं ने सहमति जताई, जिससे यह साफ हो गया कि यह सिर्फ राबड़ी देवी की व्यक्तिगत राय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का आधिकारिक रुख भी है।

नीतीश कुमार पर मानसिक स्थिति को लेकर सवाल
राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और बिहार की भलाई के लिए उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार कभी कुछ कहते हैं, कभी कुछ करते हैं। अब उनका मुख्यमंत्री बने रहना बिहार के लिए ठीक नहीं है।”
राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को दूसरा विकल्प भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर वे अपने बेटे निशांत को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते, तो किसी और भरोसेमंद व्यक्ति को यह जिम्मेदारी सौंप दें। लेकिन अब समय आ गया है कि बिहार को नया मुख्यमंत्री मिले।
नीतीश कुमार के राष्ट्रगान के दौरान हंसने पर विवाद
इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और गर्मा गई है। दरअसल, बीते दिन पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक खेल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रगान के दौरान हंसते और बातचीत करते कैमरे में कैद हुए थे। इसे लेकर राजद ने उन्हें निशाने पर ले लिया। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर राज्य और राष्ट्र का अपमान करने का आरोप लगाया।
वीडियो में दिखा कि नीतीश कुमार अपने प्रधान सचिव दीपक कुमार से बातचीत कर रहे थे और दर्शकों की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे थे। इस घटना के बाद राजद ने उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठाए और इसे गंभीर मुद्दा बताया। राबड़ी देवी के इस बयान ने बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। अब देखना होगा कि जदयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।