सिटी पोस्ट लाइव
पटना : नीट पेपर लीक कांड और कई परीक्षाओं के पेपर लीक कांड का मुख्य अभियुक्त संजीव मुखिया कैसे दबोचा गया, इसके बारे में एडीजी आर्थिक अपराध इकाई नैय्यर हसनैन खान ने कई अहम खुलासे किए। एडीजी ने आज पत्रकारों को बताया कि शगुना मोड़ क्षेत्र के एक अपार्टमेंट से संजीव मुखिया की गिरफ्तारी हुई। हमारे सूत्रों ने हमें बताया कि जब सीबीआई संजीव मुखिया को पूरे देश भर में खोज रही थी, तब संजीव मुखिया पूरे ठाठ से पटना के शगुना मोड़ इलाके में एक आलीशान अपार्टमेंट में पूरे ऐशो-आराम से रह रहा था। एडीजी, आर्थिक अपराध इकाई नैय्यर हसनैन खां ने भी इसकी पुष्टि की है कि संजीव मुखिया की गिरफ़्तारी शगुना मोड़ इलाके के एक अपार्टमेंट से हुई है। नैय्यर हसनैन खान ने बताया कि पेपर लीक मामले में हमारी टीम उसे अरेस्ट करने की कोशिश लंबे समय से कर रही थी, पर वह फ़रार था। कल रात हमारी टीम को इनपुट मिला कि वह शगुना मोड़ इलाके के एक अपार्टमेंट में है। इसका बाद हमारी टीम ने वहां रेड मारी और उसे गिरफ़्तार कर लिया गया। एडीजी ने बताया कि अभी केवल संजीव मुखिया की ही गिरफ्तारी हुई है, लेकिन हमारी टीम और रेड्स भी कर रही है। संजीव मुखिया गिरोह से जुड़े और लोगों की भी गिरफ़्तारी की कोशिश की जा रही है। हम आपको सुनाते हैं कि एडीजी ने और क्या-क्या कहा। जब संजीव मुखिया फ़रार था तब भले ही सीबीआई और बिहार पुलिस उसे देश भर में खोज रही थी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक संजीव मुखिया पूरे आराम से राजधानी पटना और बिहार के दूसरे जिलों में घूम रहा था। हमारे सूत्रों के मुताबिक संजीव मुखिया गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के अपने रिश्तेदार के घर भी गया था और काफ़ी दिनों तक वहां रहा था। इतना ही नहीं, उसने वहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था। अब जैसा कि एडीजी ने बताया है कि संजीव मुखिया से पूछताछ की जाएगी और उससे जुड़े लोगों जिनकी पेपर लीक कांड में संलिप्तता है, उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा, ऐसे में संजीव मुखिया से जुड़े लोगों की धड़कनें तेज़ हो गई हैं।
पूरे देश में खोज रही थी CBI, पटना में ठाठ सेरहता था संजीव मुखिया, ADG का बड़ा खुलासा