सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की सियासत में बयानबाजी लगातार तीखी होती जा रही है। भाजपा नेता एवं मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर किए गए बयान के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पलटवार किया है। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सम्राट चौधरी को करारा जवाब देते हुए तीखे शब्दों में कहा कि “सम्राट चौधरी को अपने हाथ पर लिखना चाहिए कि मेरा बाप गद्दार है और मैं गद्दार का बेटा हूं।”

बता दें कि सम्राट चौधरी ने हाल ही में एक बयान में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के चर्चित संवाद “मेरा बाप चोर है” का हवाला देते हुए लालू यादव पर कटाक्ष किया था। इसके जवाब में शक्ति सिंह यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी का चरित्र खुद विरोधाभासी है। उन्होंने पहले नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की कसम खाई, लेकिन बाद में उन्हीं के सामने नतमस्तक हो गए।
राजद प्रवक्ता ने सम्राट चौधरी को “लुटेरा गैंग” का सदस्य बताते हुए कहा कि “अपराधियों के साथ जो गठजोड़ बना है, उसमें इन लोगों की बड़ी भूमिका है।” उन्होंने यह भी कहा कि लालू यादव सामाजिक क्रांति के दूत रहे हैं, और उनके बारे में कुछ भी बोलने से पहले सम्राट चौधरी को खुद के इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।
शक्ति सिंह यादव ने सम्राट चौधरी को राजनीतिक अवसरवादिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि “जो व्यक्ति खुद अपनी बातों पर कायम नहीं रहता, उसकी बातें समाज में कितनी गंभीरता से ली जाएंगी, यह जनता तय करेगी।” राजनीतिक हलकों में यह बयानबाजी एक बार फिर राजद और भाजपा के बीच बढ़ते टकराव को उजागर करती है, जो आगामी चुनावों के पहले और भी तेज होने की संभावना है।