संयम और सहयोग के संदेश के साथ बिहार में 21 नवंबर से प्रदेशव्यापी पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुरू हो गया है। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने और स्वस्थ, खुशहाल परिवार बनाने के उद्देश्य से चल रहा यह 22 दिवसीय अभियान राज्य के सभी जिला अस्पतालों से लेकर उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक विशेष शिविरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। जहां नसबंदी सेवाओं के साथ विभिन्न अस्थायी गर्भनिरोधक साधन भी नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस वर्ष पुरुष नसबंदी पखवाड़े का थीम स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा सपना साकार रखा गया है, जिसका उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ाना है। 21 से 27 नवंबर तक राज्यभर में दंपत्ति संपर्क सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर दंपत्तियों से संवाद करेंगी और उन्हें परिवार नियोजन से जुड़े विकल्पों की जानकारी देंगी। इसके बाद 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा चलेगा, जिसमें विधायक, सांसद, पंचायत प्रतिनिधि, शहरी स्थानीय निकाय, स्वास्थ्यकर्मी और सिविल सोसायटी के सदस्य व्यापक जनजागरूकता अभियान में शामिल होंगे। सामाजिक संवाद को मजबूत करने के लिए शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सास–बहू–बेटी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही सारथी वाहन (ई-रिक्शा) के माध्यम से परिवार नियोजन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पुरुष नसबंदी को एक सरल, सुरक्षित और प्रभावी प्रक्रिया बताते हुए कहा है कि यह महिला बंध्याकरण की तुलना में अधिक सुविधाजनक है और कुशल चिकित्सकों द्वारा लगभग 15 मिनट में पूरी कर दी जाती है। इसके साथ ही इस सेवा का लाभ लेने वाले पुरुषों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है।
परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान बिहार में जनस्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जागरूकता बढ़ने से न केवल परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक दबाव कम होगा, बल्कि मातृ–शिशु स्वास्थ्य के बेहतर परिणाम भी मिलेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में जल्द ही विशेष शिविर और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिक जानकारी, शिविरों की तिथियों और सुविधाओं के लिए लोग अपने जिला स्वास्थ्य कार्यालय या स्थानीय स्वास्थ्य उपकेंद्र से संपर्क कर सकते हैं।