RLJP प्रवक्ता की गाड़ी में ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: एसके पुरी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल की स्कॉर्पियो गाड़ी में ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। घटना बोरिंग केनाल रोड़ पंचमुख मंदिर के पास की बताई जा रही है। हादसे में कार पर सवार एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। इस घटना के बाद RLJP प्रवक्ता ने पत्रकारों से बातचीत के बताया कि सरकार के विरोध में बोलने की वज़ह से घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सूचना के बाद भी पुलिस ने लापरवाही बरती ओर काफी देर से घटनास्थल पर पहुंचे। उनका आरोप है कि उन पर गोली भी चलाई गई थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

श्रवण अग्रवाल ने बताया कि उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी और एक ई-रिक्शा चालक के बीच टक्कर हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद ई-रिक्शा चालक के परिवार ने उन पर मारपीट का आरोप लगाया, और स्थिति और भी गंभीर हो गई जब गोली चलने का दावा किया गया। वहीं पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10:00 बजे हुई, जब स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा के बीच टक्कर हुई। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया है, और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने गोली चलने की बात को नकारा है और इसे एक सड़क दुर्घटना का मामला बताया है। पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और जांच जारी है।

ई-रिक्शा चालक का आरोप है कि स्कॉर्पियो की टक्कर से उनका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उनके परिवार का कहना है कि जब घटना हुई, तब वे मौके पर मौजूद नहीं थे। जब उन्होंने वहां पहुंचकर हालात देखे, तो कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो चालक ही दोषी था। ई-रिक्शा चालक के परिजनों का कहना है कि उसके बाद श्रवण अग्रवाल ने वाहन से उतरकर ई-रिक्शा चालक को थप्पड़ मारा और गोली चलाने की धमकी दी।

वहीं, श्रवण अग्रवाल ने दावा किया कि पंचमुखी के पास एक राउंड गोली चली थी। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की सलाह दी और बताया कि चार से पांच लोग नशे की हालत में ई-रिक्शा पर बैठे हुए थे, जिन्होंने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी थी। इसके चलते उनकी स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, और इस घटना में एक साथी घायल हो गया। हालांकि, उन्होंने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को सही ठहराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Share This Article